नैनीताल। उत्तराखंड क्रांति दल अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के आह्वान पर संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं-गढ़वाल मंडल विकास निगम एवं संघर्ष समिति कुमाऊं मंडल विकास निगम के सहयोग से राज्य निर्माण सेनानी एवं महासंघ अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी के नेतृत्व में निगम मुख्यालय नैनीताल में पौधारोपण के साथ धरना प्रदर्शन शुरू किया गया।
https://www.facebook.com/reel/1398969402286804/?app=fbl
धरना कार्यक्रम के दौरान दिनेश गुरु रानी ने कहा कि कुमाऊं मंडल एवं गढ़वाल मंडल विकास निगम में संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाना आवश्यक है।
दिनेश गुरुरानी ने बताया कि उनके नेतृत्व में संयुक्त कर्मचारी महासंघ द्वारा 3 जुलाई 2024 से पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जो अब अपने 686वें दिन में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि यह अभियान राज्य ही नहीं बल्कि देश में अपनी तरह का अनूठा अभियान है।
उत्तराखंड क्रांति दल अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कंचन चंदोला ने कहा कि निगम के सभी कर्मचारियों को अपनी मांगों के समर्थन में धरना कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी कर्मचारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रकोष्ठ के महामंत्री नीरज जोशी ने सरकार से कर्मचारियों की जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल हस्तक्षेप कर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
धरना कार्यक्रम में चंद्र सिंह राठौड़, दिनेश सांगुड़ी, दीपचंद जोशी, त्रिभुवन, देवेंद्र सहित कई निगम कर्मचारी उपस्थित रहे। दिनेश गुरु रानी ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में धरना प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहेगा।