पिथौरागढ़

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर भड़के युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेन्द्र महर, माफी नहीं मांगने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

पिथौरागढ़। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेन्द्र महर ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के कथित बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। जारी प्रेस बयान में महर ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष द्वारा युवाओं और छात्रों के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जो भाजपा के वास्तविक चरित्र को दर्शाता है।
ऋषेन्द्र महर ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या पार्टी अपने नेताओं को युवाओं के प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करने की प्रशिक्षण देती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम अग्रवाल द्वारा पहाड़ के लोगों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था, जिसके विरोध के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा।


महर ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता आंदोलनों में शामिल छात्रों को कभी आतंकवादी, कभी नक्सली, कभी पाकिस्तानी एजेंट और कभी देश विरोधी तक बताते रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से मांग की कि महेंद्र भट्ट के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि महेंद्र भट्ट ने सार्वजनिक रूप से देश और प्रदेश के छात्रों एवं युवाओं से माफी नहीं मांगी तो युवा कांग्रेस छात्रों और युवाओं के सम्मान की रक्षा के लिए भाजपा सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी।

यह भी पढ़ें 👉  कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने 10 लीटर कच्ची शराब के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार

To Top