पिथौरागढ़। अनु. जाति-जनजाति शिक्षक एसोसिएशन, जनपद पिथौरागढ़ द्वारा संगठन की 19 सूत्रीय मांगों के समर्थन में जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड को ज्ञापन प्रेषित किया गया। संगठन ने अपनी लंबित मांगों के समाधान के लिए चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया है।
एसोसिएशन के प्रचार सचिव गोविंद आर्या ने बताया कि आंदोलन के प्रथम चरण में 26 मई को जनपद की विभिन्न तहसीलों एवं उपतहसीलों के उपजिलाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे गए थे। आंदोलन के दूसरे चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।
संगठन की ओर से मुख्यमंत्री के साथ-साथ महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं राज्यपाल को भी पंजीकृत डाक के माध्यम से ज्ञापन भेजे जाने की जानकारी दी गई। बताया गया कि 2 जून को देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी के नेतृत्व में दो चरणों में बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेशभर के पदाधिकारियों और समान विचारधारा वाले संगठनों ने आंदोलन को समर्थन देने का निर्णय लिया।
जिला अध्यक्ष एवं जिला मंत्री ने कहा कि यदि ज्ञापन सौंपे जाने के 10 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन देहरादून में एक दिवसीय सचिवालय घेराव करेगा। इसके लिए सभी ब्लॉक कार्यकारिणियों को तैयारी शुरू करने और संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में मंडलीय अध्यक्ष सुरेंद्र ग्वासिकोटी, गिरीश प्रसाद, जिला अध्यक्ष अनिल कुमार, महामंत्री बी.आर. कोहली, उपाध्यक्ष आनंद स्वरूप, कोषाध्यक्ष प्रकाश मोहन, जिला उपाध्यक्ष नवीन कोहली सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, संगठन पदाधिकारी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।