पिथौरागढ़

स्नातक स्तरीय परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने हेतु धारा-163 लागू

उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा विभिन्न विभागों के अंतर्गत आयोजित की जा रही स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जनपद पिथौरागढ़ में 14 जून 2026 को धारा-163 बीएनएसएस लागू कर दी गई है। यह आदेश परीक्षा प्रारम्भ होने से एक घंटा पूर्व प्रातः 10:00 बजे से प्रभावी होगा तथा परीक्षा समाप्ति के एक घंटे बाद अपराह्न 02:00 बजे तक लागू रहेगा।


उप खण्ड मजिस्ट्रेट पिथौरागढ़ जितेन्द्र वर्मा द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि जनपद में कुल 23 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिनमें 6,795 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर नामित मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  मानदेय व लम्बित बिलों के भुगतान की मांग को लेकर सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने निकाली रैली


आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में परीक्षा से संबंधित ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को छोड़कर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के जुलूस, सभा अथवा सार्वजनिक आयोजन की अनुमति नहीं होगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर रोक रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  हत्या के आरोप में 25 वर्षों से फरार ईनामी अपराधी को कोतवाली डीडीहाट पुलिस ने दबोचकर पहुँचाया सलाखों के पीछे


परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर परिधि में स्थित कोचिंग सेंटर तथा फोटो कॉपी, प्रिंटिंग एवं स्कैनिंग की दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान बंद रहेंगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास धन वितरण, शराब का सेवन अथवा वितरण तथा किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना हो, पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  थाना गंगोलीहाट पुलिस ने 07 लीटर कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं बीएनएसएस के प्रावधानों के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों, अभिभावकों एवं आमजन से सहयोग की अपील करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहभागिता निभाने का अनुरोध किया है।

To Top