पिथौरागढ़: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जनपद पिथौरागढ़ में देश की आन, बान और शान की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। जिला प्रशासन एवं जिला सैनिक कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय स्थित उल्का देवी मंदिर परिसर के समीप शहीद स्मारक पर आयोजित शौर्य दिवस के मुख्य समारोह में साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की गौरवशाली गाथा को स्मरण करते हुए वीर सैनिकों के अद्वितीय पराक्रम को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई समेत पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों द्वारा जनपद के कारगिल शहीद जोहार सिंह, किशन सिंह, गिरीश सिंह तथा कुण्डल सिंह बेलाल के चित्रों पर पुष्पचक्र अर्पित किया गया। इस अवसर पर पुलिस बल की टुकड़ी ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राष्ट्र की ओर से सम्मान प्रकट किया।
समारोह के दौरान वीर शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। शहीद जोहार सिंह की पत्नी लीला देवी, शहीद किशन सिंह की पत्नी तनुजा देवी, शहीद गिरीश सिंह की पत्नी शांति सामंत तथा शहीद कुण्डल सिंह बेलाल की माता कूना देवी को जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट एवं भारत माता की जय के साथ वीर परिवारों के त्याग और बलिदान का अभिनंदन किया।
कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित खेलकूद एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया, जबकि एनसीसी कैडेट्स के अनुशासित मार्च पास्ट ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और अटूट राष्ट्रभक्ति का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों और विषम परिस्थितियों में भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए शत्रु को परास्त कर तिरंगे की आन-बान-शान को अक्षुण्ण रखा। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह उनके त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखे।
उन्होंने कहा कि हम सबका दायित्व है कि अपने देश की अक्षुण्णता व अखंडता के लिए अपनी अपनी भूमिका अदा की जाए। कहा कि यदि हम अपने अपने दायित्वों का पूरी लगन और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तो यह भी देश हित और देश भक्ति के लिए हमारा योगदान होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करने की भावना विकसित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन शहीदों के परिजनों एवं पूर्व सैनिकों के सम्मान, कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल ने वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा। देश के सैनिक विषम परिस्थितियों में भी इस देश की सुरक्षा के लिए समर्पित हैं। हमारी सेना हमारा गौरव है।
मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों ने अपने अद्वितीय साहस और शौर्य से विश्व के सामने भारतीय सेना की वीरता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र ऐसे वीर सपूतों और उनके परिवारों का सदैव ऋणी रहेगा तथा उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल करम सिंह बिष्ट, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जे एस चुफाल, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगांई, विभिन्न सैनिक संगठनों के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक समेत अन्य उपस्थित रहे।