नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में एडीबी (ADB) द्वारा सहायतित SICRTD परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित उप-परियोजना “स्मार्ट कंपोनेंट एवं स्मार्ट लूप” की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) के विभिन्न घटकों पर चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पर्यटन सेक्टर विशेषज्ञ आशीष शर्मा ने परियोजना के स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना आईसीसीसी (ICCC) आधारित आधुनिक शहरी प्रबंधन प्रणाली पर आधारित होगी, जिसके तहत स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट, एआई आधारित वीडियो एनालिटिक्स युक्त सीसीटीवी सर्विलांस, ईवी चार्जिंग सुविधा वाले स्मार्ट पोल, डिजिटल बिलबोर्ड, पर्यावरण सेंसर, स्मार्ट लाइटिंग और फाइबर आधारित सिटी नेटवर्किंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिए कि वर्तमान में स्थापित सभी कैमरा नेटवर्क का विस्तृत मैप तैयार कर उसे प्रस्तावित नए नेटवर्क के साथ समेकित किया जाए, ताकि संसाधनों की पुनरावृत्ति से बचा जा सके। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता से संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को भी परियोजना में शामिल करने पर जोर दिया गया।
परियोजना के अंतर्गत चंबा चौक पर पीटीजेड कैमरे के साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PAS) स्थापित करने, चंबा-कोटी नैल मार्ग पर एएनपीआर (ANPR) कैमरे लगाने, तथा अधिक आबादी वाले क्षेत्रों और पार्किंग स्थलों पर ईवी चार्जिंग सुविधा युक्त स्मार्ट पोल स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्मार्ट बस शेल्टरों में रियल टाइम पब्लिक इंफॉर्मेशन सिस्टम एवं ट्रैकिंग सुविधा विकसित करने पर भी बल दिया गया।बैठक में परियोजना के लिए आवश्यक मानव संसाधनों (मैनपावर) की समीक्षा भी की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से बोटिंग प्वाइंट्स और जेटी क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना के माध्यम से टिहरी गढ़वाल में स्मार्ट एवं सुरक्षित पर्यटन अवसंरचना विकसित होगी, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों दोनों को लाभ मिलेगा।