उत्तराखण्ड

सोर के कुमौड़ गांव का प्रसिद्ध हिलजात्रा उत्सव में लखिया का आशिर्वाद लेने उमड़ी लोगों की भीड़

पिथौरागढ़: पहाड़ो में लोकपर्व धार्मिक आस्था और संस्कृति का प्रतीक होने के साथ ही मनोरंजन का भी बेहतरीन जरिया है। आज भी इन पर्वों के प्रति शहरीहो या ग्रामीण किसी का भी लगाव कम नही हुआ है। आस्था और मनोरंजन को खुद में समेटा ऐसा ही एक पर्व है सोर घाटी पिथौरागढ़ का ऐतिहासिक हिलजात्रा पर्व, जो पिछली 5 शताब्दियों से पिथौरागढ़ में मनाया जाता है।


उत्तराखण्ड का पहाड़ी समाज प्राचीन काल से ही कृषि पर आधारित समाज है। यही वजह है कि यहां के अधिकांश लोकपर्व भी कृषि पर ही आधारित है। सोरघाटी पिथौरागढ़ में सावन के इस महीने को कृषि पर्व के रूप में मनाने की परम्परा सदियों से चली आ रही है। सातूं आठूं से शुरू होने वाले इस पर्व का समापन पिथौरागढ़ में हिलजात्रा के रूप में होता है। ये पर्व पूरेभारतवर्ष में केवल पिथौरागढ़ के सोर, अस्कोट और सीरा परगने में मनाया जाता है। लेकिन इस हिलजात्रा की असल शुरूआत पिथौरागढ़ जिले के कुमौड़ गांव से हुई है। कुमौड़ गांव की हिलजात्रा का इतिहास करीब 500 साल पुराना है। कहा जाता है कि इस गांव के चार महर भाई नेपाल में हर साल आयोजित होने वाली इन्द्रजात्रा में शामिल होने गये थे। महर भाईयों की बहादुरी से खुस होकर नेपाल नरेश ने यश और समृद्धि के प्रतीक ये मुखौटे इनाम में दिये थे। तभी से नेपाल की ही तर्ज पर ये पर्व सोरघाटी पिथौरागढ़ में भी हिलजात्रा बढ़ी धूमधाम से मनाया जाता रहा है।


इस पर्व में बैल, हिरन, चीतल, लखिया भूत जैसे दर्जनों पात्र मुखौटों के साथ मैदान में उतरकर जहां दर्शकों को रोमांचित करते है वही पहाड़ के कृषि प्रेम को भी दर्शाते है। इस पर्व का समापन लखिया भूत के आगमन के साथ होता है। जिसे भगवान शिव का गण माना जाता है। लखिया भूत अपनी डरावनी आकृति के बावजूद मेले का सबसे बड़ा आकर्षण है। जो लोगों को सुख और समृद्धि का आशिर्वाद देने के साथ ही अगले वर्ष आने का वादा कर चला जाता है। सदियों से मनाये जा रहे इस पर्व को हर साल बडे हर्षोउल्लास के साथ मनाया जाता है।


वीरभद्र का अवतार लाखिया भूत


हिलजात्रा के मुख्य पात्र लाखिया भूत को भगवान शिव के प्रमुख गण वीरभद्र का अवतार माना जाता है। वीरभद्र भगवान शिव की जटा से प्रकट हुआ था। कहा जाता है कि भगवान् शिव के ससुर दक्ष प्रजापति ने एक विशाल यज्ञ का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने अपनी पुत्री सती और जमाई भगवान शंकर को निमंत्रण नहीं दिया। लेकिन उनकी पुत्री सती शिव के मना करने के बाद भी इस यज्ञ में चली गयी। यज्ञस्थल पर दक्ष प्रजापति द्वारा शिव का घोर अपमान किया गया, जिसे सती सहन नहीं कर पायी और यज्ञ की अग्नि में कूदकर भस्म हो गयी। ये समाचार पाकर भगवान शंकर क्रोधित हो गए और उन्होंने अपनी एक जटा तोड़कर जमीन में पटक दी। जिससे वीरभद्र प्रकट हुए और उन्होंने यज्ञ का विध्वंश कर दक्ष प्रजापति का सर भी काट डाला। भगवान शंकर की जटा से उत्पन्न होने के कारण वीरभद्र के स्वरुप लखिया भूत को बेहद गुस्सेल स्वभाव का माना जाता है। यही कारण है कि मैदान में आते समय लखिया को लोहे की चैन से जकड़ा जाता है।  


हिलजात्रा पर्व का आगाज भले ही महर भाईयों की वीरता से हुआ हो लेकिन वक्त के साथ साथ इसे कृषि पर्व के रूप में मनाया जाने लगा। धान रोपती महिलाए और बैलों को हांकता हलिया पहाड़ के कृषि जीवन को दर्शातेहै। तेजी से बदलते इस दौर में जहां लोग अपनी संस्कृति और सभ्यता से दूर होते जा रहे है। वही सोर घाटी के लोगों का अपनी संस्कृति के प्रति लगाव अनूठा उदाहरण पेश कर रहा है।

To Top