पिथौरागढ़। जनपद में भारी बारिश के चलते धारचूला–तवाघाट मार्ग पर स्थित कुलागाड़ पुल एक बार फिर ध्वस्त हो गया है। पुल के ध्वस्त होने के बाद मौके पर झीलनुमा पानी एकत्रित होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
कोतवाली धारचूला ने काली नदी के तटवर्ती एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के ग्रामवासियों और आमजन से विशेष सावधानी बरतने को कहा है। पुलिस ने लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा जलस्तर बढ़ने या तेज बहाव की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।
कल सुबह से मार्ग पूरी तरह बंद
पुलिस के अनुसार, कुलागाड़ पुल के ध्वस्त होने के कारण धारचूला–तवाघाट–गुंजी मार्ग कल प्रातः से पूर्णतः बंद रहेगा। इस दौरान भारी वाहन, यात्री वाहन और अन्य किसी भी प्रकार के वाहनों को उक्त मार्ग की ओर आवागमन न करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घटनास्थल की ओर न जाएं और काली नदी के आसपास भी जाने से बचें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मीडिया सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पिथौरागढ़ ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क और अलर्ट रहने की अपील की है।