पिथौरागढ़- रविवार को पी०एन०एफ० पब्लिक स्कूल, पिथौरागढ़ में विद्यालय का 25वां वार्षिक समारोह बड़े ही उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भटगांई द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शुभी अरोरा ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। वर्ष भर की गतिविधियों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ सदन (हरे सदन) को मुख्य अतिथि जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया गया।
समारोह में नन्हे बच्चों के नाटक एवं लोकनृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विशेष रूप से छात्र-छात्राओं द्वारा आतंकवाद विषय पर प्रस्तुत नाटक ने सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबन्धक दिशान्त अरोरा ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को उनकी शानदार प्रस्तुतियों के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने कार्यक्रम में भाग लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।